Faridabad Policeman Inebriated and Trying To Extort - Detailed Report
Faridabad, Saturday, October 24, 2009: शराब के नशे में धुत्त होकर रेहड़ी वालों से अवैध उगाही करने आते-जाते लोगों से गाली-गलौच करने पर लोगों ने हरियाणा पुलिस के दो जवानों की जमकर धुनाई कर डाली। दोनों आरोपी जवानों की मेडिकल जांच करवा ली गई है तथा मामलें की जांच के लिए एक जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार थर्मल पावर हाऊस में तैनात हैड कांस्टेबल रणवीर सांगवान व जिले सिंह ने पहले तो छक कर शराब पी और उसके बाद थर्मल पावर हाऊस के गेट के पास खड़ी रेहड़ियों पर से अवैध उगाही करने लगे। जब रेहड़ीवोलों ने अवैध उगाही का विरोध किया तो उन्होंने रेहड़ी वालों को गाली देना शुरू कर दिया। रेहड़ीवालों को गाली देने को देखकर सड़क पर चलते लोग भी रूक गए तथा दोनों पुलिस वालों ने उनको भी गाली देना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों द्वारा इस तरह गाली देने से भीड़ खफा हो गई तथा दोनों पुलिस कर्मियों की जमकर धुनाई कर डाली।
भीड़ द्वारा पीटे जाने से दोनों पुलिस कर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। बाद में दोनों को मेडिकल जांच के लिए बादशाह खान अस्पताल ले जाया गया। एसीपी मुजेसर का इस संदर्भ में कहना था कि दोनों आरोपी पुलिस कर्मियों की मेडिकल जांच करा ली गई है तथा मामलें की जांच के लिए एक जांच अधिकारी भी नियुक्त कर दिया गया है। जांच अधिकारी द्वारा रिपोर्ट देने के बाद दोनों के खिलाफ आवश्यक विभागिय कारवाही की जाएगी।















