Amritsar Mayor Talks About Development In The City
Amritsar, Wednesday, December 23, 2009: करोड़ों के विकास कार्यों को हरी झंडी
अमृतसरः मेयर श्वेत मलिक ने कहा कि निगम सदन की बैठक जनवरी माह में होगी। कांग्रेसी पार्षदों के अल्टीमेटम के बाबत मेयर ने कहा कि गुरु नगरी में अभूतपूर्व विकास कार्यो का दौर चल रहा है, जिसे विपक्षी पचा नहीं पा रहे हैं। इसलिए ओछी राजनीति पर कांग्रेसी पार्षद उतर आए हैं। इससे पूर्व मंगलवार को मेयर की अध्यक्षता में लंबे अर्से बाद वित्त व ठेका कमेटी की बैठक हुई, जिसमें शहर के विकास के लिए करोड़ों के विकास कार्यो को मंजूरी दी गई। बैठक में निगम आयुक्त डीपीएस खरबंदा, सीनियर डिप्टी मेयर अजयबीर पाल सिंह रंधावा, डिप्टी मेयर कश्मीर सिंह, पार्षद राकेश गिल, राजेश कंधारी, एसई लक्ष्मण दास व जसविंदर सिंह आदि मौजूद थे। मलिक ने कहा कि वित्त व ठेका कमेटी की बैठक में शहर के सभी 65 वार्डो के लिए करोड़ों के अलग-अलग विकास कार्यो की हरी झंडी दी गई। मेयर ने कहा कि गुरु नगरी में बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट चल रहे हैं। अब 65 वार्डो में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की ओर निगम ने ध्यान दिया है। इस बाबत आज वित्त व ठेका कमेटी की बैठक में करोड़ों के कार्य को मंजूरी मिली। सूत्रों के मुताबिक बैठक में एमएलए कोटे से होने वाले विकास कार्यो को भी हरी झंडी दी गई। चंडीगढ़ में निकाय विभाग के सचिव की अगुवाई में निगम के बजट पर चर्चा के लिए आयोजित बैठक में शिरकत करने के लिए कमिश्नर डीपीएस खरबंदा वित्त व ठेका कमेटी की बैठक बीच में ही छोड़ फुर्र हो गए। मेयर के लाख कहने के बावजूद वह नहीं रुके। हालांकि, कमिश्नर के जाने तक बैठक में सभी विकास कार्यो को हरी झंडी मिल चुकी थी।
राजन गोसाईं, अमृतसर।













