A Love Story Gone Wrong At New Model Town, Amritsar
Amritsar, Thursday, December 24, 2009: एक झूठी सी लव स्टोरी
अमृतसर: जिसके लिए उसने नौकरी छोड़ी, रिश्तेदारों को छोड़ दिया। घर से भाग कर लव मैरिज की। आज उसी युवक ने शादी के मात्र छह माह बाद उसे दर-दर भटकने के लिए छोड़ दिया है। युवक ने शर्त रखी दी कि अगर वह पांच लाख रुपये उसे देगी तभी उसकी डोली वह अपने घर ले जाएगा। अब यह मामला पुलिस के साथ-साथ अदालत तक पहुंच गया है। हम बात कर रहे हैं न्यू माडल टाउन छेहरटा निवासी दमन शर्मा और तुंगबाला निवासी रेनू की। दोनों की मुलाकात दिसंबर 2005 में एक प्राइवेट फर्म में नौकरी के दौरान हुई। बात बढ़ी और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। चूंकि दमन ब्राह्मण था और रेनू सिख परिवार से। इसलिए जाति-बंधन भी शादी में आड़े आने लगा था। दमन ने दो टूक कह दिया था कि अगर रेनू ने शादी नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगा। रेनू ने शादी को लेकर अपने मां से बात की। मां ने सहमति दे दी, लेकिन दमन के मां-बाप किसी भी सूरत में रेनू को बहू स्वीकार नहीं कर रहे थे। दमन की जिद के आगे रेनू हार गई। दोनों ने 18 जून 2009 को छेहरटा के एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के वह अमृतसर लौट किराये के मकान पर रहने लगे। 16 जुलाई 2009 को दमन ने हाईकोर्ट में पेश होकर अपील की कि उसे अपने पिता सुरिंदर शर्मा से खतरा है। हाईकोर्ट ने अमृतसर के एसएसपी को आदेश दिया कि पुलिस दोनों की हिफाजत का मुकम्मल इंतजाम करे। इसी दौरान सारा खर्च रेनू व उसकी मां कर रही थी। रेनू के मुताबिक उसकी मां ने दमन को टीवी, बाइक, बैड के साथ-साथ गृहस्थी का सारा समान लेकर दिया था। शादी के बाद दमन ने नौकरी छोड़ दी, वहीं रेनू ने नौकरी जारी रखी। रेनू के मुताबिक वह गर्भवती थी, यह बात जब दमन को पता चली तो उसने पहले गर्भपात करने को कहा और रेनू के इंकार करने पर मारपीट पर उतर आया। इसी बीच दमन की मारपीट से रेनू का गर्भपात हो गया। 15 दिसंबर 2009 को दमन रेनू को छोड़कर चला गया और उसने धमकी देते हुए कहा कि पांच लाख रुपये जब वह दे देगी तभी उसकी डोली अपने घर ले जाएगा। रेनू ने अपने वकील अंजलि पठानिया व संदीप गोरसी के माध्यम से जहां विजय नगर थाने में शिकायत भेजी है वहीं अदालत में दहेज मांगने व प्रताड़ित करने के लिए 23 दिसंबर याचिका भी दायर कर दी है।













