Faridabad’s Ward 8 Residents Are Struggling As They Do Not Get Basic Amenities

Faridabad Saturday 13 March 2010.नगर निगम के वार्ड आठ में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। एनआईटी क्षेत्र के इस वार्ड की सबसे बड़ी समस्या सीवर की है। सीवर लाइन न बिछने के कारण लोगों को गंदगी से रूबरू होना पड़ रहा है। लोगों ने घरों के आगे गड्ढे बना लिए हैं। वार्ड की अधिकांश गलियों में सफाई की व्यवस्था नहीं है। आवारा पशुओं का जमघट लगा रहता है। लोगों की शिकायत है कि गंदगी से निजात नहीं मिल रही है। अगर यही हाल रहा तो आगे परेशानी बढ़ सकती है। इस वार्ड की 22 फुट रोड की डबुआ कालोनी की सड़क जर्जर हालत में है।
डबुआ कालोनी 22 फुट रोड निवासी
यहां के लोग टैंकर का पानी खरीदकर प्यास बुझा रहे हैं। इसके अलावा गलियों व सड़कों का भी बुरा हाल है। डबुआ कालोनी ई ब्लाक निवासी लक्ष्मण तथा अजीत सिंह एडवोकेट का कहना है कि जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर से बदबू बढ़ रही है मगर सफाई की व्यवस्था नहीं है। जय माला पंवार व राजबाला का कहना है कि वैसे तो यह वार्ड बहुत बड़ा है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं। पार्षद ने जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कभी गंभीरता नहीं बरती।
सीवर लाइन बिछवाना ही प्राथमिकता : पार्षद
पार्षद महेश मणी कहते हैं कि उन्होंने कई विकास कार्य करवाए हैं। इनमें न्यू जनता कालोनी की सभी सड़कों को सीमेंटेड किया गया है। लंबे समय से न्यू जनता कालोनी के लोगों को बरसात के दिनों में जमा पानी से परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने इस कालोनी की समस्या को खत्म करने के लिए जनता कालोनी चौक पर बूस्टर लगवाया, ताकि कालोनी में जमा पानी को खींचकर नाले में डाला जा सके। भोजपुरी-अवधी समाज के पास नया बूस्टर बन रहा है। इससे कपड़ा कालोनी को पानी की सप्लाई दी जाएगी। वार्ड में इस समय बड़ी समस्या सिर्फ सीवर की है। इसे हल कराने के लिए वे प्रयासरत हैं। सीवर लाइन बिछवाना ही अब उनकी प्राथमिकता है।
वादों पर खरे नहीं उतरे पार्षद : प्रतिद्वंदी
चौधरी जिले सिंह कहते हैं कि चुनाव से पूर्व किए वादों पर पार्षद महेश मणी खरे नहीं उतरे। क्षेत्र की दुर्दशा इस बात को साबित करती है। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। अधिकांश सड़कों की हालत जर्जर है। पार्षद ने ऐसा कोई कार्य नहीं कराया, जिसकी चर्चा की जाए। क्षेत्र में पानी की निकासी नहीं है। लोगों को पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है।













